मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी अब पर्यटन के साथ-साथ खेल और फिटनेस के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। रविवार सुबह दूसरे मसूरी अल्ट्रा मैराथन का उत्साह और उमंग के साथ आगाज हुआ। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे 1141 से अधिक धावकों ने प्रतिभाग किया। मैराथन का शुभारंभ पर्यटन विभाग के अपर सचिव अभिनव शाह और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने हरी झंडी दिखाकर किया।

इस वर्ष आयोजित मैराथन की सबसे बड़ी खासियत इसका प्रमाणित रूट रहा। प्रतियोगिता के मार्ग को एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेस (AIMS) से प्रमाणित किया गया है। विश्व एथलेटिक्स के सहयोग से रूट का मापन और प्रमाणीकरण किया गया है। इसे मसूरी अल्ट्रा मैराथन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

प्रतियोगिता में धावकों के लिए पांच श्रेणियां निर्धारित की गई थीं। इनमें पांच किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 21.1 किलोमीटर, 42.2 किलोमीटर और 50 किलोमीटर की दौड़ शामिल रही। अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता और तैयारी के अनुसार प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। पहाड़ों के खूबसूरत प्राकृतिक नजारों और चुनौतीपूर्ण रास्तों के बीच दौड़कर प्रतिभागियों ने अपने साहस और फिटनेस का प्रदर्शन किया।

शुभारंभ अवसर पर अपर सचिव पर्यटन अभिनव शाह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्ष भी मैराथन का सफल आयोजन किया गया था। इस बार 1100 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी इस आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन मसूरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कारोबार और होटल उद्योग के लिए भी लाभकारी साबित होते हैं।

आयोजक संदीप साहनी ने बताया कि मैराथन का उद्देश्य मसूरी को खेल, फिटनेस और एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।

वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि प्रतियोगिता में हर आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी उत्साहजनक है। ऐसे आयोजन लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मसूरी अल्ट्रा मैराथन आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाएगी।