News : फोन पर ज्यादा देर तक लगे रहने और सोशल मीडिया पर रील बनाने की आदत से खफा माता-पिता ने अपनी 14 साल की बेटी को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला।
सबूत मिटाने के मकसद से उन्होंने शव को गांव की एक पुरानी बंद पत्थर खदान में फेंक दिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना अंतर्गत लायाडीह गांव में हुई इस वारदात के सिलसिले में पुलिस ने आरोपी पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी को गुरुवार के दिन पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, कक्षा आठ में पढ़ने वाली कनकलता मुर्मू का 10 नवंबर को फोन चलाने को लेकर अपने माता-पिता के साथ विवाद हुआ था।
इसी बात से भड़के दंपती ने उसे डंडे से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी जान चली गई। इसके बाद दोनों ने शव को गांव की सुनसान पड़ी पत्थर खदान में डाल दिया।
तीन दिन बीतने के बाद 13 नवंबर को खदान से किशोरी का शव मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद दंपती ने गांव वालों और पुलिस को भटकाने के लिए बेटी के गायब होने की कहानी गढ़ी थी।
मगर शव बरामद होने के बाद दोनों के रवैये को देखकर पुलिस को शक हुआ। उस समय पुख्ता सबूत हाथ न लगने के कारण तुरंत गिरफ्तारी नहीं हो पाई।
इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस, अन्य तकनीकी सबूतों और मुखबिरों की सूचना के सहारे तफ्तीश आगे बढ़ाई। शक और गहराने पर दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जहां उन्होंने कथित तौर पर हत्या करना स्वीकार कर लिया।
