नैनीताल। उत्तराखंड में प्रस्तावित लोकसभा परिसीमन की प्रक्रिया आने वाले समय में प्रदेश का राजनीतिक और भौगोलिक स्वरूप बदल सकती है। परिसीमन के बाद राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या पांच से बढ़कर आठ होने की संभावना जताई जा रही है। इसका सबसे अधिक असर कुमाऊं मंडल के संसदीय क्षेत्रों पर पड़ सकता है। फिलहाल कुमाऊं में दो लोकसभा सीटें हैं, जिनकी संख्या बढ़कर तीन या चार तक होने की चर्चा है। हालांकि, अभी तक निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक खाका सामने नहीं आया है।

वर्तमान में उत्तराखंड की पांच लोकसभा सीटों में तीन गढ़वाल और दो कुमाऊं मंडल में हैं। कुमाऊं की दो सीटों में अल्मोड़ा और नैनीताल-ऊधमसिंह नगर शामिल हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना है। इस आधार पर उत्तराखंड में सीटों की संख्या आठ तक पहुंच सकती है। हालांकि, अंतिम संख्या और क्षेत्रों का निर्धारण परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पहाड़ और मैदान के बीच संतुलन सबसे बड़ी चुनौती

परिसीमन के दौरान सबसे महत्वपूर्ण सवाल पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना होगा। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में आबादी का घनत्व अधिक है, जबकि अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और पौड़ी जैसे पर्वतीय जिलों में जनसंख्या अपेक्षाकृत कम है।

यदि केवल जनसंख्या को आधार बनाया जाता है तो मैदानी क्षेत्रों में अधिक सीटें बनने की संभावना रहेगी। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों के भौगोलिक विस्तार, दुर्गम रास्तों, सीमावर्ती स्थिति और संचार सुविधाओं की कमी को भी ध्यान में रखना जरूरी होगा।

कुमाऊं में बन सकते हैं नए संसदीय क्षेत्र

संभावित बदलाव के तहत पहाड़ी कुमाऊं के अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत को मिलाकर एक संसदीय क्षेत्र बनाए रखने की संभावना है। वहीं नैनीताल, हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों को अलग सीट का स्वरूप मिल सकता है। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज और खटीमा को मिलाकर तराई की अलग लोकसभा सीट बनाए जाने का विकल्प भी सामने आ सकता है।

वर्ष 2008 में हुए विधानसभा परिसीमन के दौरान भी पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखा गया था। इस बार भी सीमांत क्षेत्रों की समस्याओं, पलायन, रोजगार, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे मुद्दों को महत्व देना जरूरी होगा।

कुल मिलाकर परिसीमन केवल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति और पहाड़-मैदान के प्रतिनिधित्व का संतुलन भी प्रभावित हो सकता है।