News : उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रुद्रपुर स्थित 46वीं वाहिनी पीएसी में तैनात एक रिक्रूट कांस्टेबल का शव दिवाली के दिन मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सिपाही ने दिवाली पर सुतली बम के ऊपर स्टील का पानी वाला जग उल्टा करके रख दिया था, ताकि आवाज तेज हो सके।

हालांकि, बम का जोरदार धमाका जग सहन नहीं कर पाया और उसके चिथड़े उड़ गए। स्टील का एक तीखा टुकड़ा सीधे सिपाही की गर्दन में जा घुसा, जिससे उसकी जान चली गई। वहीं, घटना के बाद परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

46वीं बटालियन परिसर में हुए इस हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उनके साथ जंतर-मंतर छात्र आंदोलन से चर्चा में आए पूर्व कांस्टेबल शेर सिंह भी रुद्रपुर पहुंचे। सिपाही के शरीर पर बने गहरे घावों को देखकर परिजनों ने दुर्घटना की थ्योरी पर संदेह जताया।

परिजनों का कहना है कि शरीर पर मिले चोट के निशान किसी हादसे जैसे प्रतीत नहीं हो रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की है, जबकि शेर सिंह ने इस पूरे प्रकरण की सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग रखी।

News : परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक कांस्टेबल की पहचान हरिद्वार जिले के बदरपुर पथरी निवासी विष्णु कुमार (22 वर्ष), पुत्र मांगीराम के रूप में हुई है। विष्णु 26 अप्रैल से 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहा था। रविवार को जब उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर घर पहुंची, तो परिवार में मातम छा गया।

News : परिजनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

परिजनों ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि स्टील के बर्तन का टुकड़ा फटने से शरीर के आर-पार हुआ है, तो चोट के निशान भी उसी स्वरूप में होने चाहिए थे। घटनास्थल का दोबारा बारीकी से मुआयना कराने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन मौत की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जरूरी है। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिपाही की मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

Also Read : Big News : कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू झांसी से गिरफ्तार, मंत्री ने लगाए हैं टॉर्चर के आरोप