देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण को सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने देशवासियों को नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा, जनसेवा और कला एवं संस्कृति के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संबोधित किया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का एक प्रभावी माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों, जनसेवा के कार्यों और समाज के लिए प्रेरणादायी प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनजागरूकता और जनसहभागिता बेहद जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों को भी मिलकर प्रयास करने होंगे।
उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है। लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों को समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए आगे आना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में दिए गए प्रेरणादायी संदेशों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की उन्नति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक योगदान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।
