देहरादून। रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर छात्रों द्वारा लगातार मारपीट और उत्पीड़न के कारण दो जूनियर छात्र मानसिक तनाव और अवसाद का शिकार हो गए। जब परिजन बच्चों से मिलने कॉलेज पहुंचे तो दोनों छात्र भावुक होकर रो पड़े। इस घटना के बाद अभिभावकों ने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

परिजनों का आरोप है कि सीनियर छात्र जूनियरों से मारपीट करते थे, उनसे जबरन काम कराते थे और भोजन के समय भी परेशान करते थे। एक छात्र के पिता ने अपने बेटे का कॉलेज से दाखिला वापस लेने के लिए आवेदन कर दिया है, जबकि दूसरे छात्र को उसके परिजन कुछ दिनों के लिए घर ले गए हैं। उनका कहना है कि ऐसे माहौल में बच्चों की पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

वहीं, कॉलेज प्रशासन ने रैगिंग के आरोपों से इनकार किया है। प्रधानाचार्य का कहना है कि छात्रों के बीच खेल के दौरान आपसी विवाद का मामला सामने आया था, लेकिन रैगिंग जैसी कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं है। उनका यह भी कहना है कि एक छात्र के परिजनों ने स्थानांतरण का कारण बताते हुए टीसी के लिए आवेदन किया है, जबकि दूसरे छात्र को परिजन अपनी इच्छा से कुछ दिनों के लिए घर ले गए हैं।

मामले के सामने आने के बाद अभिभावकों ने निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला छात्र सुरक्षा और आवासीय शिक्षण संस्थानों में निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।