देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। प्रदेशभर में 20 से 27 नवंबर तक घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के सभी 13 जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने क्षेत्र की मतदाता सूची की बारीकी से जांच करे। इस दौरान मतदाताओं के नाम, पते, आयु और अन्य जानकारियों में पाई जाने वाली गलतियों को चिह्नित कर आवश्यक सुधार कराया जाएगा।

अभियान के दौरान मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति का नाम एक से अधिक बार दर्ज होने के मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यदि किसी मतदाता का नाम एक ही बूथ या अलग-अलग मतदान केंद्रों की सूची में दो बार दर्ज मिलता है तो अतिरिक्त प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के तहत किसी व्यक्ति का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों या एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार दर्ज नहीं हो सकता।

11 दिसंबर तक जमा कर सकेंगे दावे और आपत्तियां

निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने और अपात्र प्रविष्टियों को हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके लिए नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार के लिए फार्म-8 भरना होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी की जांच जरूर करें। किसी भी तरह की गलती मिलने पर निर्धारित समय के भीतर संबंधित बीएलओ को आवेदन दें।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे सहित निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।