News : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। राज्य के प्रमुख मुद्दों को लेकर विपक्ष सत्ताधारी भाजपा को घेरने की योजना तैयार कर रहा है। इस बीच अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इसी कड़ी में कांग्रेस एक विशेष रणनीति पर काम कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी दिवंगत अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी को अपना प्रत्याशी बनाने पर मंथन कर रही है।

उत्तराखंड कांग्रेस की तरफ से यह सुझाव केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अंकिता की मां को यमकेश्वर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव रखा गया है, जिस पर परिवार की सहमति मिलने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

News : परिवार और पार्टी हाईकमान के बीच होगी बातचीत

कांग्रेस के एक पदाधिकारी के मुताबिक, यह विचार सामने आया है कि पीड़िता अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी को उत्तराखंड चुनाव में कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया जाए। फिलहाल यह प्रस्ताव शीर्ष नेतृत्व के पास विचाराधीन है। इस विषय पर परिजनों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच बातचीत होना बाकी है।

अंकिता के माता-पिता, सोनी देवी और वीरेंद्र सिंह भंडारी, बीते दिनों दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध और बेटी के हत्याकांड की सीबीआई जांच में देरी का आरोप लगाते हुए इंडिया गेट पर प्रदर्शन करने बैठे थे। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने वहां पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी। बाद में पुलिस ने उनके माता-पिता को धरना स्थल से जबरन हटा दिया था। पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले अंकिता के परिजनों के जरिए कांग्रेस आगामी चुनाव में भावनात्मक और महिला कार्ड खेलने की तैयारी कर रही है।

गौरतलब है कि 2024 में भी अंकिता की मां सोनी देवी को चुनाव लड़ाने की अटकलें लगी थीं। उस समय उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने यह पेशकश की थी, लेकिन माता-पिता ने खुद चुनाव न लड़कर पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से यूकेडी उम्मीदवार आशुतोष नेगी को समर्थन दिया था और नामांकन में उनके प्रस्तावक भी बने थे। हालांकि, उस चुनाव में आशुतोष को नोटा से भी कम मत मिले थे और वे पांचवें नंबर पर रहे थे।

वर्ष 2022 में ऋषिकेश स्थित वनंतरा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट रहीं अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। यह प्रकरण पिछले विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी बड़ा मुद्दा बना था। अब 2027 के चुनाव करीब आने के साथ ही यह मामला फिर तूल पकड़ रहा है। कथित वीआईपी के नाम को लेकर दिल्ली से लेकर उत्तराखंड तक विरोध प्रदर्शन जारी हैं, जिसे भुनाते हुए कांग्रेस इसे 2027 के चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाने की तैयारी में है।

Also Read : News : सोने में चीन के ‘रेनियम पाउडर’ की मिलावट का मामला, 24 कैरेट जांच में भी निकल रहा खरा, हॉलमार्किंग सिस्टम पर सवाल