News : दिल की सर्जरी का जिक्र आते ही लोगों के मन में अक्सर सीने की हड्डी चिराने और लंबे समय तक बिस्तर पर रहने की चिंता बैठ जाती है. हालांकि, आधुनिक चिकित्सा तकनीक ने इस डर को काफी हद तक दूर करने की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाया है.

गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में दुनिया की ऐसी पहली रोबोटिक हार्ट सर्जरी को अंजाम दिया गया है, जिसमें दो अलग-अलग कंसोल से दो सर्जनों ने एक साथ पांच रोबोटिक आर्म की सहायता से ऑपरेशन पूरा किया. इसकी सबसे खास बात यह रही कि पूरी प्रक्रिया के दौरान मरीज का दिल लगातार धड़कता रहा और उसे रोकने की आवश्यकता नहीं पड़ी.

यह सर्जरी SSI Mantra Surgical Robotic System के जरिए की गई, जिसे मेडिकल भाषा में Totally Endoscopic Coronary Artery Bypass यानी TECAB कहा जाता है. इस सफलता के साथ भारत ने रोबोटिक हार्ट सर्जरी के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर एक नया उदाहरण पेश किया है.

News : दो सर्जन, दो कंसोल और पांच रोबोटिक आर्म

इस विशेष सर्जरी को मेदांता गुरुग्राम में रोबोटिक और मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. नितिन कुमार राजपूत और मणिपाल हॉस्पिटल जयपुर के चीफ कार्डियक सर्जन डॉ. ललित मलिक ने संयुक्त रूप से किया.

पूरी सर्जरी का मार्गदर्शन भारत में रोबोटिक सर्जरी के अग्रणी माने जाने वाले डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने किया. इस तकनीक की बड़ी खूबी इसका ड्यूल-कंसोल सिस्टम है. परंपरागत रोबोटिक सर्जरी में एक ही सर्जन दो रोबोटिक उपकरणों के सहारे काम करता है, जबकि इस व्यवस्था में दो कंसोल पर बैठकर दो सर्जन एक साथ मिलकर काम कर सकते हैं और पांचों रोबोटिक आर्म का एक साथ उपयोग किया जा सकता है.

News : बेहतर समन्वय के साथ सर्जरी संभव

डॉ. नितिन कुमार राजपूत ने कहा कि पारंपरिक सर्जरी में एक सर्जन मुख्य ऑपरेशन करता है और दूसरा सर्जन टिश्यू थामने, सर्जिकल एरिया को स्पष्ट दिखाने और टांके लगाने में सहयोग देता है. पहले रोबोटिक सर्जरी में दूसरे सर्जन से इस तरह की सीधी सहायता लेने का विकल्प नहीं था. अब दूसरे कंसोल और पांचवें रोबोटिक आर्म की मदद से दोनों सर्जन अधिक बेहतर तालमेल के साथ सर्जरी कर पाते हैं.

News : धड़कते दिल पर कैसे की जाती है यह सर्जरी

इस प्रक्रिया की एक प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें मरीज के दिल की धड़कन नहीं रोकी जाती. सामान्य बाईपास सर्जरी में दिल की सतह की उन धमनियों तक रक्त प्रवाह बहाल करने के लिए नया रास्ता बनाया जाता है, जिनमें रुकावट होती है. इसके लिए शरीर की किसी अन्य नस या धमनी को जोड़कर रक्त संचार सुधारा जाता है.

डॉ. नितिन राजपूत के अनुसार, लोग प्रायः इसे ओपन हार्ट सर्जरी मान लेते हैं, जबकि हर हृदय सर्जरी में दिल के भीतर का हिस्सा खोलना आवश्यक नहीं होता. इस तकनीक में दिल की बाहरी सतह पर मौजूद कोरोनरी आर्टरीज पर काम होता है. विशेष स्टेबलाइजेशन सिस्टम की मदद से ऑपरेशन वाले हिस्से को स्थिर रखा जाता है, जबकि दिल सामान्य रूप से धड़कता रहता है और हार्ट-लंग मशीन की भी जरूरत नहीं पड़ती.

News : बड़े चीरे के बजाय केवल चार छोटे छेद

पारंपरिक बाईपास सर्जरी में मरीज के सीने के बीच की हड्डी को काटकर ऑपरेशन किया जाता है, जिसे बाद में स्टील वायर से जोड़ा जाता है और पूरी तरह जुड़ने में कई सप्ताह से लेकर महीनों तक का समय लग सकता है.

इसके विपरीत, रोबोटिक TECAB सर्जरी में सीने पर बड़ा चीरा लगाने के बजाय केवल चार छोटे छेद बनाए जाते हैं. इन्हीं के माध्यम से रोबोटिक टूल्स अंदर पहुंचाए जाते हैं, जिससे दर्द कम होता है, रक्तस्राव घटता है और मरीज जल्दी ठीक हो पाता है.

News : मरीजों को मिलने वाले संभावित लाभ

डॉ. नितिन राजपूत का कहना है कि इस पद्धति का बड़ा लाभ यह है कि इससे गंभीर हार्ट सर्जरी को लेकर मरीजों की झिझक कम हो सकती है. कई लोग सीने की हड्डी कटने और लंबे आराम की आशंका के चलते सर्जरी टालते रहते हैं.

रोबोटिक तकनीक में ऊतकों और शरीर को कम क्षति पहुंचने के कारण रिकवरी तेज हो सकती है, अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि घट सकती है और मरीज अपेक्षाकृत जल्दी अपनी सामान्य दिनचर्या व कामकाज में लौट सकता है.

Also Read : News : सोनिया गांधी की पुस्तक के पेज 201 को लेकर छिड़ा विवाद, शिंदे गुट ने की महाराष्ट्र में प्रतिबंध की मांग, बोले- ‘Belonging of Jihad होना चाहिए शीर्षक’