मसूरी। जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि को निजी कंपनी को लीज पर दिए जाने का मामला उत्तराखंड में राजनीतिक विवाद का रूप लेता जा रहा है। बुधवार को मसूरी के हाथीपांव स्थित जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र में कांग्रेस के भूमि बचाओ आंदोलन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई नारेबाजी देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं पर मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल जॉर्ज एवरेस्ट में ‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ अभियान के तहत धरना-प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और उन्होंने गणेश गोदियाल को काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि विवाद के दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता और उनके साथियों ने मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के साथ मारपीट की। भाजपा नेताओं का दावा है कि इस दौरान रजत अग्रवाल के कपड़े फाड़ दिए गए और उनके साथ लाठियों से भी मारपीट की गई। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला।

वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भूमि बचाओ आंदोलन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे और भाजपा कार्यकर्ता भीड़ देखकर बौखला गए थे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर माहौल खराब करने के आरोप लगाए।

हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद भाजपा की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

गौरतलब है कि जॉर्ज एवरेस्ट की करीब 144 हेक्टेयर भूमि को निजी कंपनी को लीज पर दिए जाने के विरोध में कांग्रेस लगातार सरकार को घेर रही है। इस मुद्दे पर प्रदेशभर में आंदोलन चलाया जा रहा है। जॉर्ज एवरेस्ट में हुई इस घटना के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।

You missed