News : धर्मनगरी हरिद्वार में अर्धकुंभ-2027 के आयोजन से पहले शहर के प्रमुख अंडरपास और फ्लाईओवर की सूरत बदलने की तैयारी की जा रही है। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) लगभग 3.77 करोड़ रुपये का बजट खर्च कर इनका व्यापक सुंदरीकरण कराएगा।
इस योजना की खासियत यह है कि यह केवल सामान्य रंग-रोगन या बुनियादी रोशनी तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें आधुनिक सीएनसी (CNC) तकनीक का इस्तेमाल कर कलात्मक डिजाइन तैयार किए जाएंगे, आकर्षक सजावटी पैनल लगेंगे, दीवारों पर मनमोहक पेंटिंग उकेरी जाएगी और खूबसूरत किस्म के पौधे भी रोपे जाएंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर के मुख्य रास्तों को नया रूप देना है, ताकि अर्धकुंभ में पहुँचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को एक सुखद और भव्य वातावरण मिल सके।
इस पूरे प्रोजेक्ट को संपन्न करने के लिए 60 दिनों की समय-सीमा तय की गई है। आयोजन के दौरान हरिद्वार में पर्यटकों और श्रद्धालुओं का भारी दबाव रहेगा, जिसके मद्देनजर शहर के मुख्य मार्ग, अंडरपास और फ्लाईओवर खूबसूरत नजर आएँगे।
News : आधुनिक सीएनसी डिजाइन और पैनल से निखरेगा ढांचा
परियोजना के अंतर्गत एमएस शीट (MS Sheet) का उपयोग करके सीएनसी, प्लाज्मा अथवा लेजर कटिंग तकनीक के ज़रिए खूबसूरत पैटर्न तैयार किए जाएँगे। इन पर कॉपर फ़िनिश (तांबे जैसी चमक) वाला खास रंग किया जाएगा।
साथ ही, स्टील स्ट्रक्चर के सहारे एफआरपी (FRP) के सजावटी पैनल भी स्थापित होंगे। वर्तमान में कई स्थानों पर फ्लाईओवर और अंडरपास बेहद सामान्य दिखते हैं, लेकिन इस बदलाव के बाद इनका स्वरूप पूरी तरह निखर जाएगा।
News : लाइटिंग के लिए लगेंगी 853 विशेष लाइट्स
रात के समय इन संरचनाओं की खूबसूरती बढ़ाने के लिए 853 अलग-अलग प्रकार की लाइटें लगाई जाएँगी। इसमें 132 फ्लेक्सिबल एलईडी लाइट, 132 वॉल वॉशर लाइट, 172 स्मॉल स्पॉट लाइट, 297 बिग स्पॉट लाइट और 120 फ्लड लाइट शामिल हैं।
इनकी रोशनी को दीवारों, किनारों और नए डिजाइनों पर केंद्रित किया जाएगा। बिजली आपूर्ति के लिए अलग से केबल बिछाने की व्यवस्था की जाएगी। यदि कोई लाइट खराब होती है, तो संबंधित एजेंसी को तीन दिनों के अंदर उसकी मरम्मत या बदलाव करना अनिवार्य होगा।
News : हरियाली बढ़ाने के लिए रोपे जाएँगे 395 पौधे
सौंदर्यीकरण के साथ-साथ पर्यावरण और हरियाली पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। योजना के तहत सीमेंट के गमलों में कुल 395 पौधे रोपे जाएँगे, जिनमें 150 एरेका पाम, 120 रैपिस एक्सेलसा पाम, 60 प्लूमेरिया और 65 बोगनवेलिया शामिल हैं। मिट्टी व खाद का प्रबंध कार्यदायी एजेंसी ही करेगी। इसके अतिरिक्त, खाली दीवारों का नया पेंट वर्क पूरे परिसर को एक साफ-सुथरा और आकर्षक लुक प्रदान करेगा।
Also Read : News : दीपावली से पहले दून में जीएसटी विभाग की छापेमारी, पटाखा कारोबारियों से 92 लाख जमा कराए
