News : दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए देहरादून में पटाखा विक्रेताओं ने भारी मात्रा में स्टॉक जमा कर लिया है। त्योहारी धूम के बीच बड़े मुनाफे की चाह में गोदामों में रखे सामान को छिपाए जाने की बात सामने आ रही है। इसी बीच, बिक्री बढ़ने पर कर चोरी की संभावना को भांपते हुए राज्य कर विभाग (स्टेट जीएसटी) ने पटाखा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के आयुक्त कर प्रतीक जैन के निर्देशों के तहत विभाग की विभिन्न टीमों ने देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर क्षेत्र में स्थित पटाखा प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण और सर्वे की कार्रवाई की। इस दौरान कर विभाग की टीमों ने जांच के बाद छह फर्मों से कुल 92 लाख रुपये का राजस्व जमा कराया। राज्य कर देहरादून के संयुक्त आयुक्त अजय कुमार ने आयुक्त के निर्देश पर इन विशेष टीमों का गठन किया था।
विभागीय टीमों ने संबंधित व्यापारियों के ठिकानों पर पहुंचकर खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, स्टॉक और अन्य व्यावसायिक कागजातों की बारीकी से जांच की। दस्तावेजों का मिलान करने के बाद छह फर्मों से यह राशि जमा करवाई गई।
News : स्टॉक और रिकॉर्ड की हुई जांच
अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दिनों में पटाखों का कारोबार काफी बढ़ जाता है। ऐसे में बिक्री और स्टॉक का पूरा हिसाब रहना बेहद जरूरी है। कर राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ही यह विशेष अभियान चलाया गया है।
यह पूरी कार्रवाई उप आयुक्त सुरेश कुमार के नेतृत्व में अंजाम दी गई। इस टीम में सहायक आयुक्त टीका राम चन्याल, कृष्ण कुमार, चंचल सिंह चौहान, अलीशा बिष्ट के साथ-साथ राज्य कर अधिकारी कंचन थापा, यतीश सेमवाल, रामलाल जोशी, भूपेंद्र जंगपांगी, वीरेंद्र सिंह रावत और अनुज जैन समेत कई अन्य अधिकारी शामिल रहे।
Also Read : News : 1.5 एकड़ ज़मीन के लिए बहु की निर्मम हत्या, ससुराल वालों पर सिर धड़ से किया अलग
