Badrinath : बदरीनाथ धाम के ऊपर स्थित पहाड़ियों पर मौजूद ग्लेशियरों से अगर बर्फ गिरती है, तो भीषण हिमस्खलन (Avalanche) की स्थिति बन सकती है। इस खतरे की चपेट में लगभग 398 निर्माण, करीब 2.66 किलोमीटर लंबी सड़क, 2 पुल, हेलीपैड और पार्किंग स्थल आ सकते हैं।

इसके साथ ही 3.87 हेक्टेयर खेती योग्य भूमि और 15.57 हेक्टेयर जंगल का क्षेत्र भी जोखिम में पड़ सकता है। यह चेतावनी भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), डीआरडीओ (DRDO) और ब्रिटेन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों के एक साझा अध्ययन में दी गई है।

यह शोध 28 अक्टूबर 2026 को प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पत्रिका लैंडस्लाइड्स में छपा है। अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने समुद्र तल से 4700 से 5465 मीटर की ऊंचाई पर स्थित 3 ग्लेशियरों का विश्लेषण किया, जिसमें उन्नत सैटेलाइट इमेज, रिमोट सेंसिंग और डिजिटल एलिवेशन डेटा का प्रयोग किया गया।

जांचे गए स्थलों में साइट-2 (अनाम ग्लेशियर) को सबसे संवेदनशील माना गया है। इसकी ऊपरी ढलान 34.57 डिग्री तथा निचली ढलान 30.64 डिग्री दर्ज की गई है। इसमें लगभग 53.2 से 58.9 लाख घन मीटर बर्फ होने का अनुमान है। वैज्ञानिक सिमुलेशन के अनुसार, बर्फ धंसने पर हिमस्खलन की रफ्तार 78.5 मीटर प्रति सेकेंड और इसका बहाव 73.5 मीटर की ऊंचाई तक पहुंच सकता है।

Badrinath : तीन स्थितियों में हुआ आकलन

वैज्ञानिकों ने ‘रैपिड मास मूवमेंट सिमुलेशन’ (RAMMS) मॉडल के जरिए कम, मध्यम और तीव्र—तीन अलग-अलग स्थितियों में खतरे को मापा। निष्कर्ष निकला कि हिमस्खलन कितनी दूर तक जाएगा, यह केवल बर्फ की मात्रा पर निर्भर नहीं करता, बल्कि पहाड़ी रास्तों की ढलान और जमीन की बनावट भी इसकी गति और प्रभाव में बड़ी भूमिका निभाती है।

Badrinath : सुरक्षा व निगरानी के सुझाव

शोधकर्ताओं की सलाह है कि इस संवेदनशील इलाके में खतरा-मानचित्र (Hazard Mapping) तैयार किया जाए, सुरक्षित क्षेत्रों की पहचान हो, नए निर्माणों पर सख्त रोक लगे और अर्ली वार्निंग सिस्टम (पूर्व चेतावनी प्रणाली) स्थापित की जाए।

चूंकि बर्फ की मोटाई और मात्रा का अनुमान सैटेलाइट डेटा व गणितीय मॉडलों पर आधारित है, इसलिए आंकड़ों में थोड़ा बदलाव संभव है। हालांकि, अध्ययन का स्पष्ट संदेश है कि बदरीनाथ में किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते वैज्ञानिक निगरानी और नियोजित निर्माण पर काम शुरू कर देना चाहिए।

Also Read : News : SIR खत्म होने का मतलब वोटर लिस्ट फ्रीज होना नहीं, नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया जारी रहेगी: सुप्रीम कोर्ट

You missed