देहरादून। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर न्याय, वीआईपी एंगल की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कठोर सजा की मांग की है। बुधवार को प्रेस क्लब, देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में विभिन्न सामाजिक, महिला, पूर्व सैनिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी।
वक्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार वर्ष बीतने के बावजूद मामले से जुड़े कई सवाल अब भी जनता के सामने हैं। मंच ने मांग की कि हत्याकांड से जुड़े वीआईपी एंगल, उपलब्ध साक्ष्यों और घटना से पहले व बाद की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
मंच ने कहा कि यह संघर्ष किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने और व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए है। दोष सिद्ध होने पर सभी दोषियों को कानून के अनुसार कठोरतम सजा देने की मांग भी की गई।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि 18 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे गांधी पार्क, देहरादून में अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इस दौरान मानव श्रृंखला बनाई जाएगी और अंकिता को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया जाएगा। मंच के अनुसार कार्यक्रम में करीब 50 सामाजिक संगठनों और भाजपा को छोड़कर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है।
महिला मंच की कमला पंत ने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने इसे उत्तराखंड की हर बेटी के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया। प्रेस वार्ता में रवि चोपड़ा, सुजाता पॉल, पीसी थपलियाल, रविन्द्र असवाल समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
