देहरादून। आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को सफल बनाने के लिए सोमवार को नगर निगम सभागार में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजरों और सहायक कार्मिकों का दूसरे चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।

प्रशिक्षण के दौरान धर्मपुर विधानसभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गौरव चटवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती एक शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि 8 से 17 जून 2026 तक पहले चरण में गणना फार्मों का शत-प्रतिशत वितरण किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता तक फार्म पहुंचाएंगे। वहीं, 18 जून से भरे हुए और हस्ताक्षरित फार्मों का संग्रहण शुरू होगा। प्रत्येक मतदाता को फार्म जमा करने पर प्राप्ति रसीद भी दी जाएगी।

प्रशिक्षण में डिजिटल तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। प्राप्त सभी गणना फार्मों को बीएलओ एप के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा, जिससे रियल टाइम निगरानी और सत्यापन संभव हो सकेगा। बीएलओ को एप संचालन, दस्तावेज अपलोड और डेटा एंट्री का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप और ईसीआई नेट पोर्टल के माध्यम से भी गणना फार्म डाउनलोड और ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग का लक्ष्य हर पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाना है।