हरिद्वार । कनखल क्षेत्र में रविवार देर रात एक कांवड़ यात्री को अज्ञात युवकों द्वारा गोली मारने की घटना से सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए ऋषिकेश स्थित एम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल लौट रहा था। रविवार देर रात उनका दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के निकट हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुका था। इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच शोर-शराबे को लेकर कहासुनी हो गई। कांवड़ियों द्वारा युवकों को शांत रहने के लिए कहने पर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद युवक पुल से नीचे उतरकर कांवड़ियों के पास पहुंचे और विवाद के दौरान एक युवक ने अजय पर गोली चला दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। दल में करीब दस सदस्य शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन जल्दबाजी में अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।