देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 और 13 जून को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचेंगी। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति 13 जून को सुबह 7:30 बजे देहरादून स्थित Indian Military Academy (आईएमए) में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड (पीओपी) में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और नवप्रशिक्षित सैन्य अधिकारियों की सलामी लेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर भारतीय सैन्य अकादमी में तैयारियां जोरों पर हैं। पूरे परिसर में उत्साह का माहौल है और परेड को भव्य एवं अनुशासित बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस बार की पासिंग आउट परेड कई मायनों में खास होगी, क्योंकि इसमें महिला कैडेट्स भी भाग लेंगी, जिसे अकादमी अपने गौरवशाली इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय मान रही है।
परेड भारतीय सैन्य अकादमी के प्रशिक्षण सत्र के समापन का प्रतीक होती है। इसके बाद कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर देश की सेवा के लिए विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किए जाएंगे।
परेड की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कैडेट्स को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वे प्रतिदिन कठोर ड्रिल, मार्चिंग और अन्य सैन्य अभ्यासों में हिस्सा ले रहे हैं। आईएमए के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं ताकि समारोह उच्चतम सैन्य मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके।
गौरतलब है कि भारतीय सैन्य अकादमी की स्थापना 1 अक्टूबर 1932 को हुई थी। इसका उद्घाटन फील्ड मार्शल सर फिलिप चेटवोड ने किया था। शुरुआत में अकादमी की प्रशिक्षण क्षमता केवल 40 जेंटलमैन कैडेट्स की थी, जो अब बढ़कर 1650 तक पहुंच चुकी है। अब तक 64 हजार से अधिक कैडेट्स यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सेना में महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं।
