देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के अधिकांश पर्वतीय और मैदानी जिलों के लिए अगले 24 घंटों का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। यह अलर्ट 1 जून 2026 दोपहर 12:02 बजे से 2 जून 2026 दोपहर 12:02 बजे तक प्रभावी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली चमकने की संभावना है। प्रभावित क्षेत्रों में डोईवाला, मसूरी, विकासनगर, चकराता, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, हल्द्वानी, कोटद्वार, रानीखेत और मुनस्यारी सहित आसपास के इलाके शामिल हैं।
पूर्वानुमान के अनुसार कई स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ तेज से बहुत तेज वर्षा हो सकती है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
प्रशासन ने भी संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थानीय प्रशासन को संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।
