चमोली। उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र नीति घाटी में रविवार को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। साथ ही पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि आयोजन 31 मई से 2 जून तक चलेगा। पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी के बीच 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 117 तथा मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के मध्य 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज भी होगा।
इससे पूर्व शनिवार रात मलारी गांव में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोकगायक किशन महिपाल ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारियों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
