देहरादून। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। दौरे की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा रविवार को देहरादून पहुंचीं, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी चार और पांच जून को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के चुनावी शंखनाद का काम करेगा। सैलजा ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ आगामी चुनावों की तैयारी में जुटी हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी के दौरे के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।
प्रदेश प्रभारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार देश-विदेश से श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा के लिए आमंत्रित तो कर रही है, लेकिन व्यवस्थाएं संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर अव्यवस्था और समस्याओं से श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसका जवाब जनता आने वाले समय में देगी।
राहुल गांधी के दौरे के तहत अल्मोड़ा में एक बड़ी जनसभा और पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि लगातार चुनावी हार के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और संगठन को मजबूत करने के लिए यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। राहुल गांधी के आगमन को लेकर प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
