अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में शनिवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड देशभक्ति, अनुशासन और गौरव का अद्भुत संगम बन गई। छह माह के कठोर सैन्य प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद 1170 अग्निवीरों के सातवें बैच ने भारतीय सेना की वर्दी पहनकर मातृभूमि की रक्षा का संकल्प लिया। “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों से पूरा मैदान गुंजायमान हो उठा।

समारोह की शुरुआत धर्म गुरुओं द्वारा अग्निवीरों को राष्ट्र रक्षा की शपथ दिलाने के साथ हुई। इसके बाद जवानों ने शानदार मार्च पास्ट और आकर्षक परेड का प्रदर्शन करते हुए अपने सैन्य कौशल, अनुशासन और दक्षता का परिचय दिया। परेड की सलामी केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने ली। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद अग्निवीर बहादुरगढ़ द्वार से कदमताल करते हुए मैदान में पहुंचे और प्रभावशाली प्रदर्शन से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने अग्निवीरों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय सेना में शामिल होना गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा का अवसर हर किसी को नहीं मिलता और जो युवा देश की सुरक्षा के लिए स्वयं को समर्पित करते हैं, वे वास्तव में भाग्यशाली हैं। उन्होंने अग्निवीरों को उनकी पहली अग्निपरीक्षा सफलतापूर्वक पार करने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे हर परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए तत्पर रहेंगे।

समारोह के दौरान अग्निवीरों में विशेष उत्साह देखने को मिला, जबकि दूर-दूर से पहुंचे परिजनों के लिए यह पल गर्व और भावनाओं से भरा रहा। अपने बेटों और भाइयों को सेना की वर्दी में देखकर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। परेड के उपरांत इन अग्निवीरों को कुमाऊं और नागा रेजिमेंट की विभिन्न पलटनों में तैनाती के लिए रवाना किया जाएगा।

You missed