रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन के अनुसार जिले के विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है, जबकि मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भारी बारिश, तेज हवाओं और तूफान की संभावना जताई है।
संभावित खतरे को देखते हुए केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले यात्रियों को विभिन्न पड़ावों और होल्डिंग क्षेत्रों में रोककर सुरक्षित ठहराया गया है। वहीं पैदल यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं को भी निकटतम सुरक्षित स्थानों और निर्धारित होल्डिंग एरिया में रखा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रशासन ने श्रीनगर क्षेत्र में केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी फिलहाल रोक दी है। वाहनों को निर्धारित होल्डिंग क्षेत्रों में खड़ा कराया जा रहा है और मौसम सामान्य होने तक उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार तथा यात्रा मार्ग की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं और वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यक सुरक्षा उपायों को लागू कर रही हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
