देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे हिल स्टेशनों का मौसम सुहावना बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को राज्य के कई हिस्सों, खासकर पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने सलाह दी कि यदि संभव हो तो 12 और 13 मई को मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।
मौसम केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। वहीं 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
चारधाम यात्रा के दौरान लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे यात्रा मार्ग बाधित होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए विभिन्न पड़ावों पर टीमों को तैनात किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
