लक्सर। देहरादून से गाजियाबाद जाते समय रहस्यमय तरीके से लापता हुई महिला प्रज्ञा सिंह के मामले में पुलिस जांच के बाद नया खुलासा हुआ है। पूछताछ में महिला ने बताया कि पति से मनमुटाव होने के बाद वह नाराज होकर ट्रेन में ही दूसरे कोच में चली गई थी और बाद में दूसरी ट्रेन पकड़कर बिहार पहुंच गई। पुलिस ने महिला को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह पत्नी मनीष अग्रहारि वर्तमान में नोएडा में रहती हैं। वह अपने पति के साथ केदारनाथ यात्रा से लौट रही थीं। 5 मई को दोनों नंदा देवी एक्सप्रेस से देहरादून से गाजियाबाद जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। नाराज होकर प्रज्ञा अपने रिजर्वेशन वाले कोच से निकलकर दूसरी बोगी में जाकर बैठ गईं।

महिला ने पुलिस को बताया कि लक्सर रेलवे स्टेशन के पास उसने अपने मोबाइल फोन की सिम निकालकर फेंक दी थी, ताकि कोई उससे संपर्क न कर सके। बाद में वह गाजियाबाद स्टेशन पर उतर गई और वहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर पटना चली गई। बिहार में उसके कुछ परिचित रहते हैं, जिनके पास वह रुकी हुई थी।

महिला के अचानक लापता होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तलाश शुरू की। 10 मई को प्रज्ञा को बिहार के बेगूसराय रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे लक्सर कोतवाली लाकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में महिला ने स्पष्ट किया कि उसके साथ किसी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं हुई और वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। शुरुआती आशंकाओं के विपरीत जांच में मामला पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद नाराजगी में घर छोड़ने का निकला।