देहरादून। देहरादून में देर रात एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के अपहरण, लूटपाट और जानलेवा हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने युवक को सहस्रधारा क्रॉसिंग से अगवा कर जामुनवाला स्थित पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल युवक रातभर पत्थरों के बीच पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, कांवली रोड निवासी 23 वर्षीय आकाश कुमार आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। गुरुवार रात करीब सवा दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह सहस्रधारा क्रॉसिंग पर ऑनलाइन बाइक बुक कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटर सवार दो युवकों ने मोबाइल खोने का बहाना बनाकर उनसे मदद मांगी। बाद में दोनों ने जबरन आकाश को स्कूटर पर बैठा लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए घंटाघर, बिंदाल पुल, गढ़ी कैंट होते हुए जामुनवाला ले गए।
आरोप है कि बदमाशों ने आकाश के साथ मारपीट कर उनका बैग, दो मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया। इसके बाद उन्हें पुल से नीचे नदी में फेंक दिया और ऊपर से पत्थर भी मारे। गिरने से आकाश की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।
सुबह एक राहगीर की नजर घायल युवक पर पड़ी। सूचना पर सेना के जवानों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दून अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि प्रेमनगर थाने में पहले मामला दर्ज करने के बजाय उन्हें दूसरे थाने भेज दिया गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
