News : लंदन में एमबीए की पढ़ाई कर रही एक युवती की पुणे स्थित एक अपार्टमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वह अपने माता-पिता को जानकारी दिए बिना ही लंदन से भारत लौट आई थी। परिजनों को उसके भारत में होने का सुराग तब मिला, जब उन्होंने उसके बैंक खाते में ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े ट्रांजैक्शन देखे।

​पुलिस अधिकारी के अनुसार, मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली मुग्धा देशमुख जुलाई 2025 में एमबीए की पढ़ाई के लिए लंदन गई थी। हालांकि, वह अगस्त में ही बिना किसी को बताए वापस भारत आ गई। गुरुवार को पिंपरी चिंचवाड़ के गहुंजे इलाके में एक रिहायशी सोसाइटी के फ्लैट में उसकी लाश मिली। उसके शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

​News : लंदन में अकेले रह रही थी मुग्धा

पुलिस ने बताया कि मुग्धा लंदन में अकेली रहती थी और वहां पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थी। उसके घरवाले फोन और मैसेज के जरिए लगातार उसके संपर्क में थे।

​लेकिन 24 अक्टूबर के बाद से उससे संपर्क टूट गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा। इस बात की जानकारी मुग्धा के पिता अविनाश देशमुख ने इस हफ्ते की शुरुआत में छत्रपति संभाजीनगर पुलिस को दी थी।

​News : परिजनों ने लंदन में दोस्त से मांगी मदद

अधिकारी ने बताया कि संपर्क न होने पर परिवार ने लंदन में रहने वाली मुग्धा की एक सहेली से संपर्क साधा। सहेली ने बताया कि उसकी मुग्धा से अंतिम बार 22 अक्टूबर को मैसेज पर बात हुई थी।

​इसके बाद उस दोस्त ने लंदन पुलिस में मुग्धा की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने जांच में पाया कि वह अगस्त के अंत में ही यूके छोड़ चुकी थी। बेटी का सुराग न मिलने पर चिंतित परिवार ने मदद के लिए भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद ली।

​जांच के दौरान मुग्धा के पिता ने जब बैंक स्टेटमेंट देखा, तो उसमें 8 से 25 अक्टूबर के दौरान कई ऑनलाइन फूड डिलीवरी और अन्य सर्विस प्लेटफॉर्म्स पर भुगतान किए गए थे। इनमें से एक ट्रांजैक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से जुड़ा हुआ संदिग्ध लगा, जिससे परिवार को अंदेशा हुआ कि मुग्धा भारत में ही मौजूद है।

​News : मामले पर पुलिस का क्या कहना है?

शिरगांव पुलिस स्टेशन (पिंपरी चिंचवाड़) के वरिष्ठ निरीक्षक देवेंद्र चव्हाण ने बताया, “छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने मुग्धा की लोकेशन गहुंजे स्थित ‘लोढ़ा बेलमोंडो’ कॉम्प्लेक्स में ट्रेस की। हमारी टीम वहां पहुंची और चाबी वाले से ताला खुलवाकर जब फ्लैट के अंदर दाखिल हुई, तो मुग्धा मृत अवस्था में मिली।”

​उन्होंने बताया कि शव पर किसी भी तरह के घाव या हिंसा के निशान नहीं हैं। मौत की असल वजह जानने के लिए विसरा सैंपल सुरक्षित रख लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुग्धा ने यह फ्लैट अप्रैल में ही किराए पर ले लिया था, लेकिन अगस्त में यूके से लौटने के बाद ही वह यहां रहने आई थी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Also Read : News : उत्तराखंड में निर्माण श्रमिकों के स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा, बीपी, दिल की धड़कन और टीबी के मिले संकेत

You missed