रुद्रप्रयाग। कुमारी सेल्जा ने कहा है कि उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन को तेजी से मजबूत किया जा रहा है और खाली पड़े ब्लॉक अध्यक्षों के पदों को जल्द भरा जाएगा। साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी अगले एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा। रुद्रप्रयाग में एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह “एक्शन मोड” में है और प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और महिलाओं व बेटियों के खिलाफ हो रही घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आते हैं। अंकिता भंडारी मर्डर केस का जिक्र करते हुए उन्होंने मामले की कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग दोहराई और कहा कि अब तक पूरे प्रकरण का खुलासा नहीं हो पाया है।
चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उनका कहना था कि यात्रा मार्गों पर बड़े-बड़े स्वागत होर्डिंग तो लगाए गए हैं, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। यात्रियों को जाम, आवास और आवाजाही जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी, पलायन और पेपर लीक मामलों को भी सरकार की विफलता बताया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जिला कार्यकारिणी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई तथा 15 प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। पत्रकार वार्ता में गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
