देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में पुलिस विभाग के विभिन्न संवर्गों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। पुलिस मुख्यालय ने 198 दरोगाओं समेत कुल 1,385 पदों पर सीधी भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) को प्रस्ताव भेज दिया है। इसके अलावा कारागार विभाग में भी 144 बंदीरक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीती 21 अक्तूबर को पुलिस स्मृति परेड के दौरान प्रदेश में पुलिस के करीब 1,500 पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के तहत पुलिस मुख्यालय ने भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आयोग को अधियाचन भेजा है। प्रस्ताव के अनुसार पुलिस विभाग में सिविल पुलिस, इंटेलीजेंस, पीएसी, आईआरबी और अग्निशमन सेवा के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
पुलिस विभाग में 1,187 कांस्टेबल पद
पुलिस विभाग में भेजे गए प्रस्ताव के तहत कुल 1,385 पदों में 1,187 पद कांस्टेबल संवर्ग के हैं। इनमें जनपदीय पुलिस में पुरुष कांस्टेबल के 464 और महिला कांस्टेबल के 238 पद शामिल हैं। वहीं पीएसी और आईआरबी में पुरुष कांस्टेबल के 284 पद तथा फायरमैन के पुरुष और महिला संवर्ग में 201 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
198 दरोगाओं और समकक्ष पदों पर भर्ती
दरोगा और समकक्ष संवर्ग के कुल 198 पदों पर भी सीधी भर्ती होगी। इनमें सिविल पुलिस में महिला और पुरुष उपनिरीक्षक के 93, इंटेलीजेंस में 19, पीएसी/आईआरबी में प्लाटून कमांडर के 81 और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पद शामिल हैं।
बंदीरक्षकों के 144 पदों पर भी भर्ती
पुलिस के अलावा कारागार विभाग ने भी 144 बंदीरक्षकों की सीधी भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजा है। इनमें पुरुष बंदीरक्षकों के 117 और महिला बंदीरक्षकों के 27 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। निर्धारित आयु सीमा 21 से 35 वर्ष रखी गई है।
हालांकि, अग्निवीरों के लिए क्षैतिज आरक्षण के प्रावधानों के तहत कुछ पदों का विवरण अभी शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में पुलिस भर्ती के कुल पदों की संख्या में बदलाव संभव है। अब आयोग की ओर से भर्ती संबंधी विज्ञप्ति जारी होने के बाद आवेदन और चयन प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट होगी।
