भगवान शिव के पवित्र धाम कैलाश मानसरोवर की यात्रा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है। विदेश मंत्रालय ने कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक श्रद्धालु 19 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यात्रियों का चयन पूरी तरह कंप्यूटराइज्ड लकी ड्रा के माध्यम से किया जाएगा।
यह यात्रा जून से सितंबर के बीच दो मार्गों से आयोजित की जाएगी। पहला मार्ग लिपुलेख दर्रा से होकर गुजरता है, जो प्राकृतिक सुंदरता और कठिन ट्रैकिंग के लिए प्रसिद्ध है। इस मार्ग से यात्रा पूरी करने में करीब 22 दिन लगते हैं और प्रति व्यक्ति खर्च लगभग 2.09 लाख रुपये आता है। वहीं दूसरा मार्ग नाथू ला दर्रा से होकर जाता है, जो अपेाकृत आसान माना जाता है। इस यात्रा की अवधि लगभग 21 दिन और खर्च करीब 3.31 लाख रुपये है।
यात्रा के लिए केवल भारतीय पासपोर्ट धारक ही आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की आयु 1 जनवरी 2026 तक 18 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही बॉडी मास इंडेक्स (BMI) 25 या उससे कम होना जरूरी है। शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होना भी अनिवार्य रखा गया है।
आवेदन विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन किए जा सकते हैं। चयनित यात्रियों को कन्फर्मेशन फीस जमा करनी होगी और दिल्ली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मेडिकल जांच से गुजरना होगा। फिट पाए जाने पर ही श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
