चमोली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसको लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। यात्रा के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए चमोली पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी प्रवेश मार्गों, प्रमुख स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही धाम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और नियमित चेकिंग अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आतंकवादी निरोधक दस्ता (ATS) को भी तैनात किया गया है। एटीएस की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।