विकासनगर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर विकासनगर ब्लॉक कार्यालय और त्यूणी में धरना-प्रदर्शन किया। विकासनगर में आयोजित धरने को जनसंघर्ष मोर्चा का समर्थन मिला। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष पिंकी सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष अंजुल शर्मा ने किया।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरने में विकासनगर के साथ सहसपुर और कालसी ब्लॉक की कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया और एकजुटता दिखाई।

वहीं, त्यूणी में भी कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय में धरना दिया। क्षेत्रीय सचिव रीना ने कहा कि कम मानदेय के बावजूद कार्यकर्ताओं से अत्यधिक कार्य लिया जा रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मांगों पर विचार न होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

इस दौरान सैमानी मथूरा, आशा, सावित्री, रेखा, ऐना, बिरमा, मीनाक्षी, रक्षा, निर्मला, बबली, बबीता, अनू, कला और सीमा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।