देहरादून। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित खेल महाकुंभ 2026 का रविवार को समापन हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समापन समारोह में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान देहरादून जिले को मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। खेल हमें आगे बढ़ना और असफलता के बाद दोबारा उठकर प्रयास करना सिखाते हैं। इसके साथ ही खेल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मानना है कि खेल उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। इसी सोच के साथ खेल महाकुंभ की शुरुआत की गई थी, ताकि प्रदेश के दूरस्थ गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान मिल सके और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे की प्रतिभा दबनी नहीं चाहिए।
उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ में न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस आयोजन में प्रदेशभर से करीब 3 लाख 35 हजार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए 11 करोड़ 30 लाख रुपये की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ को जन-जन की भागीदारी का अभियान बनाने में क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना और यहां के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार करना है।
खेल महाकुंभ के समापन के साथ ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला। देहरादून को मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी मिलना जिले के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि रही।
