ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड के सितारगंज शहर में एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता, जो सितारगंज की निवासी है, ने बताया कि उसका निकाह 27 अप्रैल 2025 को गांव कठंगरी निवासी वसीम अंसारी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसका पति आए दिन गाली-गलौज करता था और छोटी-छोटी बातों पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देता था।
महिला के अनुसार, 11 अप्रैल की सुबह करीब चार बजे स्थिति और गंभीर हो गई। उसने आरोप लगाया कि पति ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसका बायां हाथ टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी कई बार इस तरह की हरकतें कर चुका है, लेकिन सामाजिक दबाव के कारण उसने शिकायत नहीं की। एक बार शिकायत करने पर समझौते के चलते उसे वापस लेना पड़ा। महिला के पास घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सबूत भी मौजूद हैं।
सीओ बीएस धौनी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
