देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह फिल्म मात्र एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी शिक्षाएं सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो वर्तमान समय में और अधिक प्रासंगिक हो जाती हैं। उन्होंने जोर दिया कि इस तरह की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित फिल्में भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण एवं प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
धामी ने उम्मीद जताई कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक और निर्माता दल को इस पहल के लिए बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग और कलाकार मौजूद रहे।
