देहरादून। शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार देर रात भी पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में व्यापक स्तर पर जांच-पड़ताल की।
अभियान का नेतृत्व एसपी सिटी और एसपी देहात द्वारा किया गया, जिनकी निगरानी में अलग-अलग पुलिस टीमों ने नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर गहन निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर औचक छापेमारी की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। निर्धारित समय सीमा के बाद खुले पाए गए बार और रेस्टोरेंट्स पर कार्रवाई करते हुए संचालकों को चेतावनी दी गई और कुछ मामलों में कानूनी कदम भी उठाए गए।
खास बात यह रही कि रात्रि चेकिंग अभियान की कमान महिला पुलिस अधिकारियों ने संभाली, जिससे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया गया। पुलिस टीमों ने रायपुर क्षेत्र के चुना भट्टा स्थित सपेरा बस्ती में भी ताबड़तोड़ छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। लगातार हो रही इस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का एहसास बढ़ा है।
