देहरादून। देहरादून में गैस सिलिंडर की कमी को लेकर बुधवार को लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। शिमला बाईपास स्थित नया गांव चौकी क्षेत्र में सैकड़ों लोगों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों ने गैस एजेंसी संचालकों और आपूर्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी कोशिशों के बाद जाम खुलवाया जा सका और यातायात सुचारू हुआ।

इधर, एलपीजी की कालाबाजारी पर रोक लगाने और होम डिलीवरी व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। बुधवार को क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) ने शहर की कई गैस एजेंसियों पर औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान स्वास्तिक गैस एजेंसी और वेली गैस एजेंसी समेत अन्य केंद्रों पर स्टॉक और वितरण की स्थिति की जांच की गई। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आपूर्ति विभाग के अनुसार, बुधवार को जिले में लगभग 20 हजार गैस सिलिंडर पहुंचे, जिनमें से 17 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को वितरित किए गए। वर्तमान में घरेलू गैस के 34,786 और व्यवसायिक गैस के 4,080 सिलिंडर का स्टॉक उपलब्ध है। विभाग का कहना है कि आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।