ऋषिकेश। उड़ीसा के कटक स्थित जिला कारागार से न्यायिक अभिरक्षा के दौरान फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने देहरादून में गिरफ्तार कर लिया। देहरादून, टिहरी और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को इंद्रमणि बडोनी चौक के समीप दबोचा। पुलिस के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को उड़ीसा पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।

प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा साहनी (34) निवासी बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है। वह 2 अक्तूबर 2025 को कटक जिला कारागार की दीवार फांदकर फरार हो गया था। आरोपी डकैती और दोहरे हत्याकांड के मामले में जेल में बंद था और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।

उड़ीसा पुलिस उसकी तलाश में लगातार विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उड़ीसा पुलिस ने देहरादून कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि आरोपी की लोकेशन त्रिवेणी घाट के आसपास ट्रेस हुई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट अपनी टीम और उड़ीसा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और सर्विलांस के जरिए आरोपी का पीछा शुरू किया, जिसके बाद उसे इंद्रमणि बडोनी चौक के पास गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि राजा साहनी को पाणीकोइली स्थित पंडा ज्वेलरी शॉप में डकैती और फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी और उसके साथी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।

बताया गया कि 2 अक्तूबर 2025 को दशहरा के दौरान जेल कर्मचारी और कैदी उत्सव में व्यस्त थे। इसी का फायदा उठाकर राजा साहनी और एक अन्य कैदी ने बैरक की लोहे की छड़ें काटीं और कंबल को रस्सी बनाकर दीवार फांदकर फरार हो गए। तब से दोनों फरार चल रहे थे, जिनमें से अब राजा साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया है।