देहरादून। देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं उज्बेकिस्तान की हैं, जो नेपाल के रास्ते बिना वीजा भारत में दाखिल हुई थीं, जबकि एक महिला किर्गिस्तान की है, जो वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रही थी।

पुलिस के अनुसार रविवार को रायपुर थाना क्षेत्र में चलाए गए सत्यापन अभियान के दौरान साईं कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर तीनों महिलाएं संदिग्ध स्थिति में पाई गईं। पूछताछ के दौरान पहले उन्होंने दस्तावेज दिखाने में आनाकानी की, लेकिन सख्ती के बाद जो दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, वे फर्जी पाए गए। पुलिस ने इनके पास से नकली आधार कार्ड समेत कई जाली कागजात बरामद किए हैं।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान इरिका (किर्गिस्तान), करीना और निगोरा नीम (दोनों उज्बेकिस्तान) के रूप में हुई है। इरिका वर्ष 2023 में एक वर्ष के वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी वापस नहीं लौटी। वहीं करीना और निगोरा ने वर्ष 2022 और 2023 में नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था।

जांच में सामने आया कि तीनों की मुलाकात दिल्ली में हुई थी और परिचितों की मदद से इन्होंने फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाए थे। पुलिस के मुताबिक निगोरा पहले भी बिहार में इसी तरह के मामले में गिरफ्तार हो चुकी है।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि तीनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।