देहरादून। देहरादून के डाकपत्थर क्षेत्र के अंतर्गत जलालिया के पास जंगल में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी डाकपत्थर संदीप पंवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बगीचे के किनारे एक पेड़ पर डोरी के सहारे युवक फांसी पर लटका हुआ था। मौके से मिले मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान सादिक (25) निवासी रुड़की के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, रविवार शाम सादिक का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह घर से चला गया था। तब से परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर से ही उसका फोन भी बंद आ रहा था।
मृतक देहरादून में फॉल सीलिंग का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
