देहरादून में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों को विभिन्न सम्मान प्रदान किए। यह कार्यक्रम उत्तराखंड भाषा संस्थान द्वारा आयोजित किया गया।

समारोह में उत्तराखंड के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान ‘साहित्य भूषण’ से डॉ. जितेन ठाकुर को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन के लिए डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, केसर सिंह राय और अताए साबिर अफजल मंगलौरी को सम्मानित किया गया।

अन्य पुरस्कारों में ‘साहित्य नारी वंदन सम्मान’ से प्रो. दिवा भट्ट, उत्कृष्ट बाल साहित्य के लिए प्रो. दिनेश चमोला तथा ‘मौलिक रचना पुरस्कार’ के तहत डॉ. भूपेंद्र बिष्ट, डॉ. सुधा जुगरान और शीशपाल गुसाई को सम्मानित किया गया। वहीं कुमाऊंनी और गढ़वाली साहित्य में योगदान के लिए तारा पाठक, हेमंत सिंह बिष्ट और गजेंद्र नौटियाल को सम्मान मिला।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डॉ. जितेन ठाकुर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे हिंदी साहित्य जगत के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने सभी साहित्यकारों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी रचनाएं राज्य की सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। समारोह में “युवा कलमकार प्रतियोगिता” के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।