देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राजधानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुनील राठी गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन (UP-51 BS 0001), दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि पौड़ी गढ़वाल जेल में बंद सुनील राठी अपने गैंग के जरिए देहरादून में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा है। सूचना के आधार पर टीम पिछले कुछ समय से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

26 फरवरी 2026 को सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में निगरानी के दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गैंग के दो सदस्य काले रंग की स्कॉर्पियो में सहस्त्रधारा की ओर आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने पैसिफिक गोल्फ एस्टेट के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भानू चौधरी (22) निवासी सहारनपुर और पारस (28) निवासी मुजफ्फरनगर बताए। जांच में सामने आया कि दोनों कई बार पौड़ी जेल में सुनील राठी से मिलने गए थे और विवादित जमीन के मामलों में उसका नाम लेकर लोगों को धमकाकर समझौते के बदले मोटी रकम वसूलते थे।

दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 111(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर थाना राजपुर में आगे की कार्रवाई की जा रही है।