रुड़की। रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित आकाशदीप कॉलोनी में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 45 वर्षीय व्यक्ति ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान राकेश प्रजापति पुत्र रतीराम, निवासी आकाशदीप कॉलोनी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश प्रजापति लंबे समय से गंभीर किडनी रोग से पीड़ित थे और उनका नियमित रूप से डायलिसिस उपचार चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में अस्पताल में भर्ती थे और बुधवार को ही अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे। गुरुवार दोपहर अचानक उन्होंने घर में ही अपने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक राकेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटना स्थल से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार, राकेश लंबे समय से बीमारी और उपचार को लेकर मानसिक तनाव में थे।
इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है और परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
