हरिद्वार। हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में एक ही गांव में दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उनकी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप सामने आए हैं। दोनों घटनाएं अलग-अलग समय की बताई जा रही हैं, लेकिन आरोपों की प्रकृति समान होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। एक मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे मामले में पीड़िता की तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।
पहली घटना रुड़की कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़िता के अनुसार, उसका पति करीब छह माह पहले काम के सिलसिले में कोटद्वार गया हुआ था। इसी दौरान पति का एक दोस्त उसके घर आया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। नशे की हालत में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया और तीनों ने मिलकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोप है कि इस दौरान अश्लील वीडियो भी बनाई गई और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक आरोपी लंबे समय तक महिला का शोषण करता रहा। जब महिला ने उसकी बात मानने से इंकार किया तो आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मेहरबान सहित तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
दूसरी घटना में मेरठ मूल की एक महिला, जो वर्तमान में कलियर क्षेत्र में रह रही है, पीड़िता बताई गई है। आरोप है कि 3 फरवरी को गांव के एक युवक ने उसे नशीली चाय पिलाकर अपने घर ले गया, जहां उसने एक दोस्त के साथ मिलकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाई, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़िता से संपर्क कर लिया है और तहरीर मिलने के बाद विस्तृत जांच और कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस ने दोनों मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
