हल्द्वानी। शहर के बरेली रोड क्षेत्र में मंगलवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने आर्थिक तंगी और छोटे भाई की बीमारी से उपजे तनाव में अपने ही सगे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने करीब डेढ़ घंटे तक छोटे भाई के साथ क्रूर मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से देसी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, राम मंदिर बगीचे के पास रहने वाले संदीप जायसवाल ने अपने छोटे भाई सोनू पर मंगलवार रात जानलेवा हमला किया। परिजनों के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच पहले करीब 15 मिनट तक कहासुनी हुई, जिसके बाद संदीप ने सोनू पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद संदीप बीच-बीच में सोनू को पानी पिलाता रहा और उठाने की कोशिश करता रहा। जब सोनू उठ नहीं पाया तो आरोपी ने उसे पटक-पटक कर लकड़ी के फट्टे से सिर पर वार किए।

मृतक सोनू लंबे समय से लीवर की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। उसके इलाज पर लाखों रुपये खर्च हो चुके थे, जिससे परिवार आर्थिक तंगी में था। सोनू कभी-कभार मंडी क्षेत्र में फल का ठेला लगाकर गुजर-बसर करता था। परिजनों का कहना है कि बीमारी पर हो रहे खर्च को लेकर संदीप मानसिक रूप से तनाव में था।

घटना के दौरान मां और भतीजे ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी पीटा और धमकी दी कि जो बीच में आएगा, उसे भी मार देगा। भयभीत परिजनों ने किसी तरह दरवाजा बंद कर खुद को बचाया। भतीजे अंकित ने साहस दिखाते हुए अपने दोस्त की मदद से पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने देर रात संदीप को बरेली रोड से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर का देसी रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।