कोटद्वार। कोटद्वार में कपड़े की दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामला सड़क से सियासत तक पहुंच गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस प्रकरण पर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर मोहम्मद दीपक को “भारत का हीरो” बताया है। राहुल गांधी ने लिखा कि दीपक संविधान और इंसानियत के लिए खड़े हैं और नफरत के माहौल में मोहब्बत की मिसाल पेश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और संघ परिवार देश में डर और नफरत का माहौल बना रहे हैं और उत्तराखंड की बीजेपी सरकार असामाजिक तत्वों का साथ दे रही है।

राहुल गांधी के बयान के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है। उधर, बजरंग दल के हंगामे के बाद कोटद्वार में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर में लगातार दूसरे दिन रात के समय फ्लैग मार्च निकाला गया। देहरादून और हरिद्वार से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है और दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। खुफिया तंत्र भी सक्रिय कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, दूसरे पक्ष से जुड़े बाहरी लोगों के कोटद्वार पहुंचने की आशंका को देखते हुए कौड़िया स्थित यूपी-यूके बॉर्डर पर सघन चेकिंग की जा रही है। हर आने-जाने वाले वाहन की जांच की जा रही है। बीते 26 जनवरी को बजरंग दल कार्यकर्ताओं और एक कपड़ा व्यापारी के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और मारपीट हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद शनिवार को देहरादून और हरिद्वार से आए बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पटेल मार्ग और मालवीय उद्यान में हंगामा किया।

इसी बीच जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने डीजीपी को पत्र लिखकर दीपक कुमार को सुरक्षा देने की मांग की है। संगठन का कहना है कि 26 जनवरी को दीपक ने एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई थी, जिसके बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच जारी है और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।