देहरादून। देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 23 वर्षीय युवती की चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान गुन्नू (23 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि गुन्नू सुबह अपने घर के बाहर से गुजर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक वहां पहुंचा और उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक युवक ने चापड़ निकालकर युवती के गले पर वार कर दिया। हमला इतना घातक था कि गुन्नू गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवती को उपचार के लिए दून चिकित्सालय पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की सरेआम हत्या की खबर फैलते ही बाजार क्षेत्र और आसपास की गलियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, हमलावर की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है। आरोपी ने बाजार के पास एक गली में धारदार हथियार से हमला किया था। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
