हल्द्वानी। में रविवार देर रात हुए सनसनीखेज गोलीकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि भाजपा मंडल उपाध्यक्ष व पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने जज फार्म निवासी 25 वर्षीय युवक नितिन लोहनी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि सोमवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार, नितिन लोहनी पुत्र कैलाश चंद्र लोहनी रविवार रात अपने दोस्त कमल के साथ स्कूटी से गौलापार गया था। दोनों एक रिश्तेदार की नई गाड़ी की पार्टी में शामिल होकर लौट रहे थे। वापसी में वे डहरिया स्थित भाजपा नेता अमित बिष्ट के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि पार्षद का बेटा नितिन का दोस्त था और कुछ दिन पहले उसका एक गैंग से विवाद हुआ था। इसी मामले को लेकर बात करने के लिए दोनों युवक रात में पार्षद के घर गए थे।

कमल का आरोप है कि गेट पर घंटी बजाते ही पार्षद ने छत से बंदूक से फायर कर दिया। पहला फायर जमीन पर लगा, जबकि दूसरा फायर नितिन की पीठ में जा लगा। गोली लगने से नितिन घसीटता हुआ नहर के किनारे गिर पड़ा। इसके बाद तीसरा फायर कमल पर किया गया, लेकिन वह जान बचाकर भाग निकला। कमल ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय पार्षद के बेटे के हाथ में भी रिवाल्वर थी और पूरी वारदात पूर्व नियोजित थी।

सूचना मिलने पर कोतवाल विजय सिंह मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी पार्षद को हिरासत में लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नितिन की पीठ में 50 से अधिक छर्रे लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।