हल्द्वानी। हल्द्वानी के बेस अस्पताल में रविवार को इमरजेंसी वार्ड में एक महिला और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के बीच हुआ विवाद पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है। महिला ने डॉक्टर पर अभद्रता और गाली-गलौज का आरोप लगाया है।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अपने बीमार बच्चे को लेकर अस्पताल के ओपीडी में पहुंची थी। भीड़ अधिक होने और बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर वह सीधे इमरजेंसी वार्ड में चली गई। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे ओपीडी में दिखाने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

वीडियो में महिला डॉक्टर पर इलाज से इनकार करने और अभद्र भाषा में बात करने का आरोप लगाती नजर आ रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग मामला शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं।

बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ. के.एस. दताल ने बताया कि विवाद की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और स्टाफ के व्यवहार पर भी सवाल उठने लगे हैं।

 

You missed