महाराष्ट्र के जलगांव से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां कुछ मनचलों ने केंद्रीय मंत्री की बेटी से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर सुरक्षाकर्मी से भी मारपीट की। इस घटना के बाद बीजेपी नेता रक्षा खडसे पुलिस स्टेशन पहुंचीं हैं। इस घटना की सूचना के बाद पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है।
केंद्रीय मंत्री की बेटी से हुई छेड़छाड़
महाराष्ट्र में केंद्रीय मंत्री की बेटी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक ये घटना जलगांव जिले के मुक्ताईनगर के कोथली गांव में आयोजित संत मुक्ताई यात्रा के दौरान हुई। केंद्रीय मंत्री की बेटी और उसकी सहेलियों के साथ यात्रा के दौरान छेड़छाड़ की कोशिश की गई। बेटी द्वारा घटना की जानकारी मिलने पर केंद्रीय मंत्री खुद थाने पहुंची और आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।
चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
केंद्रीय मंत्री की शिकायत पर मामले में मुक्ताईनगर पुलिस स्टेशन में चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। केंद्रीय मंत्री ने पुलिस से सवाल करते हुए कहा है कि जब इतनी सुरक्षा के बाद उनकी बेटी सुरक्षित नहीं है तो आम लड़कियों की सुरक्षा का क्या होगा ? उन्होंने आरोपियों की तपरंत गिरफ्तारी की मांग की है। जिसके बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। लेकिन वो अब तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है।
रावेर लोकसभा सीट से सांसद हैं रक्षा खडसे
बता दें कि रक्षा खडसे रावेर लोकसभा सीट से सांसद हैं। रक्षा खड़से वरिष्ठ एनसीपी नेता एकनाथ खडसे की बहू हैं। वर्तमान में वो केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल राज्यमंत्री हैं। रक्षा खड़से तीन बार साल 2014, साल 2019 और साल 2024 में सांसद चुनी गई हैं।