हरिद्वार। चारधाम यात्रा सीजन शुरू होते ही परिवहन नियमों के पालन को लेकर विवाद सामने आने लगे हैं। मंगलवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन के बाहर ट्रेवल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश नंबर के एक वाहन को सवारी बैठाते हुए पकड़ लिया। मामले को लेकर स्थानीय ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश मनोचा ने बताया कि संबंधित वाहन का ग्रीन कार्ड एक दिन पहले ही बना हुआ था, जबकि नियमानुसार बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों का ग्रीन कार्ड सीमा पर तभी जारी किया जाता है, जब वाहन में यात्री मौजूद हों। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने स्पष्ट नियम तय किए हैं, लेकिन कुछ बाहरी वाहन संचालक इन नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे स्थानीय ट्रांसपोर्ट कारोबार प्रभावित हो रहा है।
महामंत्री रवि मनोचा ने कहा कि ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। बिना सवारी के पहले से ग्रीन कार्ड बनना गंभीर जांच का विषय है और प्रशासन को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष हिमांशु ने स्थानीय ट्रांसपोर्टरों के हितों की अनदेखी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नियमों का समान रूप से पालन कराया जाना जरूरी है।
इसी दौरान पकड़े गए वाहन चालक ने दावा किया कि उसे उत्तरी हरिद्वार के एक स्थानीय ट्रेवल्स व्यवसायी ने यहां सवारी लेने के लिए भेजा था। एसोसिएशन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
